रविवार, 28 जून 2020

नींदानाशक बिसपायरीबैक सोडियम की प्रयोग विधि

धान की फसल में प्रभावी खरपतवारनाशी "बिसपायरिकबैक सोडियम (Bispyriback Sodium 10% SC)" 

छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों में धान का स्थान महत्वपूर्ण है।  छत्तीसगढ़ की जलवायु एवं मौसम धान के लिए सबसे अधिक उपयुक्त होने के कारण यहाँ अन्य फसलों की अपेक्षा धान बहुतायत रूप में लगाया जाता है। यहाँ के किसानों के लिए धान की खेती मुख्य है या फिर ये कहें कि यहाँ की खरीफ खेती धान के ही चारों ओर घूमती है। सम्भवतः इसलिए छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है। चूँकि धान हमारे लिए महत्वपूर्ण फसल है इसलिए इसकी सुरक्षा व्यवस्था भी महत्वपूर्ण हो जाती है। खेत की जुताई से लेकर फसल के उचित विपणन तक इसकी विशेष देखभाल करनी पड़ती है।
                               वर्तमान में धान की बुवाई चल रही है। रोपा लगाने हेतु नर्सरी डाला जा चुका है। पानी की उपलब्धता को देखते हुए लेही भी की जा रही है। बुवाई के पश्चात धान को सुरक्षित रखने का क्रम प्रारम्भ हो जाएगा। इसी क्रम में सबसे पहले हम अपने फसल को खरपतवारों से सुरक्षित रखने की जतन करेंगे। इस कड़ी में हम सभी कई तरह के रासायनिक दवाओं का प्रयोग छिड़काव या बुरकाव के रूप में करते हैं। लेकिन सही दवा का चुनाव एवं उनके असावधानी पूर्वक प्रयोग से हम दवाओं के शत प्रतिशत दक्षता का उपयोग नही कर पाते हैं। आज बात करेंगे धान के प्रमुख खरपतवारनाशी "बिसपायरीबैक सोडियम" के संबंध में।
                                  "बिसपायरीबैक सोडियम" विगत कुछ वर्षों में बहुत अधिक लोकप्रिय हुआ है। इसका प्रयोग आज लगभग प्रत्येक किसान करते हैं। लेकिन इसके सही प्रयोग करने की विधि से परिचित नही होने के कारण इसका शत प्रतिशत लाभ हम नही ले पाते। यह अंकुरण पश्चात प्रयोग की जाने वाली रसायन है। यह पर्यावरण विषाक्तता अर्थात पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाला रसायन नही है। पर्यावरण के प्रति अनुकूल है। यह कई प्रकार के चौड़ी तथा सँकरी पत्ती वाले खरपतवारों को नियंत्रित करती है। धान की फसल के ऊपर प्रतिकूल प्रभाव नही डालती है। यह कई व्यापारिक नामों से आती है, जैसे:- शील्ड, ड्राई अप, तारक, अडोरा, नॉमिनी गोल्ड, ग्रीन लेबल इत्यादि।


          कैसे प्रयोग करें बिसपायरीबैक सोडियम?
    

इसका प्रयोग करते समय निम्न बातों को ध्यान देना होगा और अमल करना होगा, तभी हम इसका शत प्रतिशत उपयोग कर सकते हैं जिससे यह और भी प्रभावी हो सके:-
★ इसका प्रयोग 80 से 100 ml प्रति एकड़ की दर से किया जाना चाहिए।
★ इसका प्रयोग खरपतवारों के चौथे पत्ती के आने से लेकर टीलेरिंग स्टेज तक किया जा सकता है। लेकिन सबसे प्रभावी समय खरपतवारों के 3 से 5 पत्ती होने का समय है। इस समय इसका प्रयोग करें।
★ प्रयोग करते समय खेत में रुका हुआ नहीं होना चाहिए। कम से कम पानी खेत में हो इसका विशेष ध्यान रखा जाय। जहाँ तक संभव हो खेत मे पानी न हो।
★ छिड़काव करने के 48 घंटे बाद खेत में पानी भरकर एक सप्ताह तक रखें। ऐसा करने से पहला तो ये की खरपतवारों पर प्रभाव डालने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है, कम पानी की उपस्थिति में। दूसरा 48 घंटे बाद हप्ते भर पानी भरे रहने से खरपतवार उठ नहीं पाते और इसका शत प्रतिशत उपयोग होता है।
★ छिड़काव के 5 से 6 घण्टे पश्चात यदि वर्षा होती है तब तक यह पत्तियों द्वारा अवशोषित कर ली जाती है।
★200 लीटर पानी प्रति एकड़ उपयोग करें।

                    क्या नही करना चाहिए?

बिसपायरीबैक सोडियम प्रयोग करते समय निम्न सावधानी रखें एवं इनसे बचें:-
★ बारिश होते समय प्रयोग न करें।
★यदि लगता है कि 5 से 6 घंटे के भीतर वर्षा हो सकती तब इसके प्रयोग से बचें।
★ इसके साथ कॉपर और सल्फर बेस रसायन नही मिलाना चाहिए। किसी भी प्रकार का रसायन मिलाने से उसके बारे में अच्छी तरह से जानकारी ले लेना चाहिए।
★प्रयोग करते समय खेत में पानी नहीं होना चाहिए।
★रेत या खाद में मिलाकर प्रयोग न करें।
★ अनुशंसित मात्रा से अधिक प्रयोग न करें।
★ अन्य रसायन मिलाने से पहले अच्छी जानकारी रखें।

                    अंत में किसान भाइयों से निवेदन है कि सही दवा का चुनाव करें, सही कीमत पर खरीदें, अनावश्यक महंगे दवाओं से बचकर लागत कम करें, विश्वसनीय केंद्र से खरीदें। अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें। विश्वव्यापी कोरोना महामारी से बचने हेतु आवश्यक सावधानी बरतें। खेत मे पूरे समय साबुन/सैनिटाइजर साथ रखें। खुद मास्क पहनें, मजदूरों को भी पहनाएँ। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।

         "सावधानी से खेती करें  - सुरक्षित रहें"

                     -: दाता राम नायक
            ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी
        क्षेत्र:- कुसमरा, विख. व जि.-रायगढ़

1 टिप्पणी:

  1. बहुत ज्ञान वर्धक,प्रायोगिक जानकारी।के के पटेल Ret.S.A.D.O.

    जवाब देंहटाएं

मेरे मृत्युंजय

 कर दिया है मैने अपना सारा जीवन तेरे चरणों में अर्पण मुझे किसका लागे डर? अब किसका लागे भय? मेरे मृत्युंजय मेरे मृत्युंजय.... मेरा रास्ता भी ...